इगलास /अलीगढ़। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील इगलास सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने अपनी शिकायतें लिखित एवं मौखिक रूप से अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। अधिकारियों ने एक-एक कर सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। समाधान दिवस में करीब 100 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक मामले चकरोड पर अवैध कब्जों और पैमाइश से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस एवं विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। कुछ ऐसे मामले भी अधिकारियों के संज्ञान में आए जो वर्षों से लंबित चल रहे थे।चकरोड संबंधी शिकायतों की अधिक संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने राजस्व विभाग के अधिकारियों, कानूनगो एवं लेखपालों को सख्त निर्देश दिए कि चकरोड से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। एक प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने संबंधित लेखपाल से स्पष्टीकरण तलब करने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में उदासीनता बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।





















