दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद तहसील क्षेत्र के शमशाबाद विकासखंड स्थित ग्राम सेवला अहीर में नाला बंद होने के कारण गांव की गलियों और घरों में पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार दोपहर ग्राम सेवला अहीर के चार दर्जन से अधिक ग्रामीण फतेहाबाद तहसील मुख्यालय पहुंचे और एसडीएम स्वाति शर्मा को शिकायती पत्र सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पानी निकासी के लिए बने नाले को हाल ही में हो रहे सड़क निर्माण के दौरान अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके चलते नाले का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और घरों में भर रहा है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
एसडीएम स्वाति शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी, शमशाबाद और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द नाले की सफाई कराकर जल निकासी सुचारू की जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। इस दौरान मुकेश कुमार, साहब सिंह, पंकज, प्रदीप, दीपिका, आशा, अंगूरी, किरण देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





















