महोली में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग और पथराव से दहशत।
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के महोली गांव में पुरानी रंजिश गुरुवार को एक बार फिर हिंसा में बदल गई। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।जानकारी के अनुसार, महोली गांव में पार्षद प्रतिनिधि राजवीर सिंह और गांव निवासी चंद्रपाल के बीच करीब छह महीने पहले विवाद हुआ था। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। बुधवार को दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।बताया जा रहा है कि गुरुवार को अधिक मास की परिक्रमा के दौरान चंद्रपाल पक्ष परिक्रमार्थियों के लिए प्याऊ और सेवा कार्य कर रहा था। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए और प्रसाद व खाद्य सामग्री वितरण को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान अवैध हथियारों से फायरिंग भी की गई। सरेराह चली गोलियों और पथराव से गांव में दहशत फैल गई। परिक्रमार्थियों और ग्रामीणों ने जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगा दी। करीब आधे घंटे तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।हिंसक झड़प में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और एसपी सिटी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर नियंत्रण पाया।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






















