इगलास / अलीगढ़। कस्बा इगलास स्थित अधिशासी अभियंता चतुर्थ के कार्यालय परिसर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कार्यालय परिसर में रखे पुराने और डंप बिजली मीटरों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में बड़ी संख्या में पुराने और डंप मीटर जलकर राख हो गए। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना के बाद संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू कराया। इगलास क्षेत्र की इस घटना ने विभागीय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





















