हाथरस। पुलिस विभाग की ईमानदारी और जनसेवा की भावना का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। महिला का लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का खोया हुआ हार खोजकर सुरक्षित लौटाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार महिला का कीमती हार कहीं खो गया था, जिसके बाद प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए हार की तलाश की। लगातार प्रयास के बाद हार बरामद कर उसे सुरक्षित महिला को वापस सौंप दिया गया।
इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने दोनों कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना और जनसेवा की भावना को मजबूत करना भी है।सम्मान समारोह के दौरान पुलिस कर्मियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। इस पहल से पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत होने का संदेश गया है।





















