जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अकराबाद/अलीगढ़। अलीगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत नीरज जादौन ने राष्ट्रीय इंटर कॉलेज अकराबाद में आयोजित साइबर सुरक्षा जनजागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
एसएसपी ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया ठगी, ओटीपी शेयरिंग, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग धोखाधड़ी सहित साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक अथवा लालच में आकर अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
कार्यक्रम में साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान फेस-5 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए महिला हेल्पलाइन-1090, आपातकालीन सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, महिला सहायता हेल्पलाइन-181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।





















