दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-फतेहाबाद रोड पर मंगलवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती थी और तीसरे बच्चे की डिलीवरी होने वाली थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना डौकी क्षेत्र के नवामील कलुआपुरा निवासी 35 वर्षीय जगदीश पुत्र दौलत राम टूंडला क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था।
मंगलवार रात वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे आगरा-फतेहाबाद रोड पर थाना डौकी क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।राहगीरों की सूचना पर थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार जगदीश मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे मार्मिक बात यह रही कि जिस घर में कुछ ही घंटों बाद नए मेहमान के आने की तैयारी थी, वहां अचानक मातम पसर गया।





















