जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। नगरीय जनसुविधाओं को प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए जाने के क्रम में आज नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने शहर के प्रमुख दवा बाजार के रूप में विख्यात फाफला मार्केट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पथ प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, जलनिकासी, पेयजलापूर्ति, नाला सफाई, सड़क मरम्मत एवं पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं नियमित एवं प्रभावी रूप से संचालित रहें, जिससे आमजन एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने विशेष रूप से जलभराव की समस्या को समय रहते दूर करने, नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सड़क मरम्मत एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर भी बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को जनहित से जुड़ी सभी कार्यवाहियों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।





















