दैनिक जिला नज़र संवाददाता
आगरा। ताजनगरी आगरा की मिढ़ाकुर कस्बा के अन्तर्गत दो जूता फैक्टरियों के मजदूरों ने मानदेय बढ़ाने एवं अन्य मांगों को लेकर मंगलवार सुबह 9 बजे हड़ताल कर दी।
हड़ताल के चलते फैक्ट्रियों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा, और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार कारीगर लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे थे, मांग पूरी न होने से नाराज मजदूरों ने मंगलवार सुबह काम बंद रख फैक्ट्री परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया, हड़ताल की सूचना पर एसडीएम सदर सचिन राजपूत, एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव,एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह, एसीपी लोहा मंडी गौरव सिंह, एसीपी सैंया डॉ० सुकन्या शर्मा और कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।
अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन और मजदूरों से वार्ता कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर चली बातचीत के बाद प्रबंधन की ओर से मजदूरों को मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया गया।

इसके बाद मजदूर दोपहर करीब 2:00 बजे काम पर लौट आए। सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है।





















