दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के गांव ककरीली में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्युत लाइन में फॉल्ट होने के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में रखी भूसे की तीन बुर्जियां, करीब 25 कुंतल गेहूं और पास में रखे कंडे जलकर राख हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान कुमर सिंह पुत्र ठाकुरदास ने अपने खेत में भूसा और गेहूं सुरक्षित तरीके से रखा हुआ था। दोपहर के समय अचानक विद्युत लाइन से निकली चिंगारी ने पास में रखे सूखे भूसे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे क्षेत्र को अपनी गिरफ्त में ले लिया।

आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित किसान कुमर सिंह के अनुसार इस घटना में लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं अग्निशमन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया और समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया गया।























