जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
इगलास/अलीगढ। कोतवाल इगलास अवधेश कुमार सिंह ने रविवार रात क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ कस्बा इंचार्ज गंगाराम गंगवार, हेड कांस्टेबल कर्मवीर, ड्राइवर राजकिशोर उपाध्याय सहित आधा दर्जन उपनिरीक्षक और आरक्षी मौजूद रहे।
रात्रि गश्त के दौरान कोतवाल ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और इगलास की संकरी गलियों शिवपुरी, असावर, आदि में पहुंचकर मंदिरों आदि की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कराई गई तथा देर रात तक अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ भी की गई।
भ्रमण के दौरान उन्होंने आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
कोतवाल ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।























