दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। युवा शक्ति संगठन द्वारा फतेहाबाद के पीपल चौकी पर एक बड़े युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठन से जोड़ना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और प्रमुख जनहित मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने “वन नेशन वन एजुकेशन” मुहिम को घर-घर तक ले जाने का संकल्प लिया। साथ ही रोजगार गारंटी कमीशन की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की निर्णायक भूमिका जरूरी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संयोजक योगेश त्यागी ने कहा कि संगठन का लक्ष्य युवाओं को एकजुट कर उनके अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति संगठन लगातार युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष कर रहा है।
वहीं सचिन राजौरिया ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा माफिया आम आदमी को लूट रही है और सरकार खामोश है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संयोजक विशाल अरेला, प्रदेश महामंत्री मनोज कटारा, जिला संयोजक अंकित उपाध्याय, जिला सह-संयोजक मनीष राजौरिया तथा जिला उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश महासचिव मदन राजौरिया ने बताया कि युवा शक्ति संगठन आगामी विधानसभा चुनाव से पहले फतेहाबाद विधानसभा में 10 हजार युवाओं का विशाल युवा संगम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन पहले भी 12 जनवरी राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा संगम आयोजित कर चुका है, जिसमें 10 हजार से अधिक युवाओं ने भागीदारी की थी।
युवा संवाद के माध्यम से संगठन ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य भूमिका राघव पण्डित, आर्यन शर्मा, शिवम कुमार, आकाश राजपूत तथा आदित्य शर्मा और उनके युवा साथियों की रही।























