जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र के निशात बाग चौराहे के पास चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश नगदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक परिवार सहित अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए कासगंज के नदरई गया हुआ था। करीब तीन दिनों से घर खाली पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और सेफ के ताले तोड़ दिए। इसमें रखे करीब 2 लाख रुपये नगद और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा मचान पर रखा पीतल का सामान और किचन से दो गैस सिलेंडर भी चुरा ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक कुल चोरी करीब 7 से 8 लाख रुपये की है।
घटना की जानकारी मिलते ही मकान मालिक तुरंत वापस अलीगढ़ पहुंचे। घर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए—सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।























