एसपी सिटी के माध्यम से एडीजी आगरा जोन को सौंपा ज्ञापन
जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। आगरा में 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर की शोभायात्रा के दौरान हुई कथित घटना को लेकर अलीगढ़ में करणी सेना हरिगढ़ के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी सिटी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
करणी सेना के पदाधिकारियों का आरोप है कि आगरा के सिकंदरा स्थित भगवान परशुराम चौक पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आपत्तिजनक व्यवहार और नारेबाजी की गई, जिससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
संगठन ने एसपी सिटी आदित्य बंसल के माध्यम से एडीजी आगरा जोन तक अपनी मांग पहुंचाते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग शोभायात्राओं की आड़ में विभिन्न वर्गों के बीच तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
करणी सेना ने स्पष्ट कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुं. गौरव राज सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष जगमोहन मालवीय, प्रदेश अध्यक्ष ब्रजप्रांत आशीष चौहान, किशन शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष वीरू भदौरिया शामिल रहे।
इसके अलावा जिला अध्यक्ष सुमित तोमर, महानगर अध्यक्ष दलवीर सिंह, युवा जिलाध्यक्ष अंकित सैनी, युवा महामंत्री मोहित वार्ष्णेय, युवा जिला मंत्री कृष्ण सारस्वत, सह मंत्री आर्यन वार्ष्णेय, युवा जिला प्रवक्ता चर्चित शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।























