दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए।
बताया गया है कि कार सवार बिहार के आरा से दिल्ली के सेक्टर-8 आरके पुरम जा रहे थे। वे अपने बेटे भास्कर का मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहे थे। किलोमीटर 22 के पास अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से कार डिवाइडर से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चालक भरत ओझा पुत्र कामता प्रसाद, उनकी पत्नी रीता ओझा, भाभी पूनम ओझा, पुत्र भास्कर और पुत्री कार्तिका घायल हो गए। सभी को हल्की चोटें आई हैं। भरत ओझा नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट (ओटी) के पद पर कार्यरत हैं।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी सोवरन सिंह और लुहारी चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और यूपीडा की तत्परता से यातायात जल्द सामान्य हो गया।























