निष्पक्ष पत्रकारिता करने पर मिलता है मुकदमा—पत्रकार संगठन
जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। पत्रकार संगठन अलीगढ़ मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में धर्मेन्द्र राघव को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर उनके सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र राघव ने कहा कि पत्रकार हर परिस्थिति में अपनी जान जोखिम में डालकर सत्य को उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज सेवा और जनहित की आवाज को जनता तक पहुंचाते हैं, लेकिन निष्पक्ष पत्रकारिता करने और सच्चाई दिखाने पर उन्हें इनाम के रूप में मुकदमों का सामना करना पड़ता है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप कुमार सागर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकारों के उत्पीड़न को बर्दाश्त न करने के दावे के बावजूद जमीनी हकीकत अलग है। उन्होंने पत्रकारों पर हमलों को लेकर उच्च न्यायालय के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शकील अहमद खां ने कहा कि पत्रकारों पर हमले या उत्पीड़न की घटनाओं में स्थानीय प्रशासन को तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन मंत्री अनवर खान ने कहा कि शासनादेशों का पालन धरातल पर नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से जुड़ी खबरें प्रकाशित करने पर पत्रकारों को झूठे मुकदमों में फंसाया जाता है, जबकि प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं करता।
महासचिव मौ. राशिद ने पत्रकारों पर हो रहे हमलों और उत्पीड़न पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। वरिष्ठ पत्रकार काजी नसीम ने भी प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल उठाए।
पत्रकार नौशाद अब्बासी व राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि पत्रकार हितों से जुड़े शासनादेश सिर्फ कागजों में सीमित हैं और धरातल पर उनका कोई असर नहीं दिख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पत्रकारों पर अत्याचार जारी रहा तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।
कार्यक्रम में कपिल कुमार, प्रेम कुमार, मोहम्मद दानिश, दिलशाद सैफी, मुकेश कुमार, सबा खान, पप्पू यादव, पी.डी. विक्रम, ओमप्रकाश, सचिन कुमार, रामशंकर सहित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।























