• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। आवास विकास कालोनी स्थित परशुराम चौक पर अंबेडकर जयंती पर कुछ तत्वों के जूते, चप्पल पहनकर चढ़ने और नीला झंडा फहराने के विरोध में बुधवार की सुबह ब्राह्मण समाज के लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस की प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिशों को लेकर नोकझोंक भी हुई। छीना-झपटी के दौरान महर्षि परशुराम की तस्वीर टूट गई और कई प्रदर्शनकारियों के कपड़े फट गए।
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लगभग चार घंटे चला विरोध प्रदर्शन पुलिस आयुक्त के आश्वासन पर समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस आयुक्त ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि वहां पर परशुराम चौकी का निर्माण किया जाएगा।
इससे पहले बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग फरसा और भगवान परशुराम की तस्वीर लेकर धरनास्थल पर पहुंच गए। इनमें महिलाएं भी खासी संख्या में थीं। प्रदर्शन में शामिल यश भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और भगवान परशुराम की तस्वीर तोड़ दी।
उन्होंने कहा कि वे लोग परशुराम चौक को शुद्ध करने के लिए अभिषेक करने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया।
धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमारे भगवान का अपमान हुआ, हम ऐसे नहीं मांनेंगे। पुलिस इंसाफ दिलाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पुलिस भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। लोगों ने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए।
बाद में पुलिस कमिश्नर के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे से चल रहे धरने को समाप्त करने का ऐलान किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो वे फिर प्रदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर रैली निकाली गई थी। आरोप है कि आवास विकास कॉलोनी स्थित परशुराम चौक पर भीम आर्मी के लोगों ने नीला झंडा लगा दिया। रैली में शामिल कुछ युवक जूते-चप्पल पहनकर परशुराम चौक पर चढ़ गए, फरसा हटाने की कोशिश की और नीला झंडा लगा दिया।
इस घटना के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों में मंगलवार शाम से ही आक्रोश व्याप्त था। ब्राह्मण समाज के विरोध और अल्टीमेटम के बाद पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज की, लेकिन कार्रवाई से असंतुष्ट लोग बुधवार सुबह सड़कों पर उतर आए और जमकर नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि पुलिस ने बहुत हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज खानापूर्ति कर ली है। प्रदर्शन के दौरान कई थानों के फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
सर्व ब्राह्मण कुल समाज समिति ने भी बैठक कर परशुराम चौक पर हुई घटना का कड़ा विरोध किया। बैठक में सतीश चंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा, जे पी लवानिया, शिवाकांत मिश्रा, प्रीति मिश्रा, शालिनी शर्मा, आशुतोष गौतम, बृजेश गौतम, देवेंद्र शर्मा, राजेंद्र पाराशर, हरीश शर्मा, अनिल पाठक शामिल थे।























