दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टाटा मैजिक और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में युवक की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने चौराहे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे सौरव पुत्र सुभाष चंद्र निवासी झील जाटव अपने फूफा साहब सिंह निवासी बरारा मलपुरा के साथ बाइक से बिल्हैनी की ओर से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वे सांई धाम कबीस के पास पहुंचे, सामने से आ रही टाटा मैजिक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके फूफा साहब सिंह दूर जा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कबीस चौराहे पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
करीब आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा।सूचना पर एसीपी अनिल कुमार, थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के पिता सुभाष चंद्र की तहरीर पर टाटा मैजिक चालक हरेन्द्र सिंह निवासी मेहरा नाहरगंज डौकी के खिलाफ थाना डौकी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।























