🔹 दो ट्रैक्टर जब्त, हमले की घटना के बाद भी कार्रवाई पर सवाल—रेंजर की कार्यप्रणाली चर्चा में
मु. इसरार खान जिला नजर ब्यूरो चीफ
मुरैना/मप्र। मुरैना के कैलारस और पहाड़गढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही अवैध जंगल कटाई को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जौरा और पहाड़गढ़ वन विभाग की टीम ने रामपुर के पास लकड़ी से भरे दो ट्रैक्टरों को पकड़कर कैलारस रेंज में जब्त किया, लेकिन इसके बावजूद माफियाओं की सक्रियता कम होती नजर नहीं आ रही।
सूत्रों के अनुसार, दो दिन पूर्व खैर की लकड़ी से भरे ट्रैक्टर को पकड़ने के प्रयास के दौरान जूनियर स्टाफ पर माफियाओं ने हमला कर दिया था, जिसकी एफआईआर अब तक दर्ज नहीं हुई है। इस घटना ने विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्रवाई पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कैलारस रेंजर हिना खान की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि कई कार्रवाइयों में उनकी अनुपस्थिति सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त किए, लेकिन लगातार हो रही कटाई यह संकेत देती है कि माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाकर जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाता है या नहीं।























