मुरैना: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर चंबल संभाग के मुरैना मुख्यालय में आजीविका होली मेला शुरू हो गया। इस दो दिवसीय मेले (25-26 फरवरी) का शुभारंभ महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने किया। मेला पंडित रामप्रसाद बिस्मिल शहीद संग्रहालय परिसर में आयोजित है, जहां थीम “होली के रंग, आजीविका के संग” पर फोकस है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाइव टेलीकास्ट के जरिए मेले को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्व-सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में ऐसे मेलों की अहम भूमिका बताई। ये आयोजन ग्रामीण महिलाओं को बाजार से जोड़ने, उनके उत्पाद बेचने और आत्मनिर्भर बनाने का बेहतरीन माध्यम साबित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, श्री सुनील जाटव, श्री अशोक शर्मा, जिला परियोजना प्रबंधक श्री दिनेश सिंह तोमर, मेला प्रभारी श्री वीरेश भदौरिया, श्री उमेश राजौरिया और वायपी श्री सचिन धोते मौजूद रहे। भिण्ड, मुरैना और श्योपुर जिलों की सैकड़ों SHG महिलाओं ने भाग लिया।

मेले में लगे स्टॉल्स पर होली से जुड़े पारंपरिक उत्पाद खूब आकर्षित कर रहे हैं – जैसे देशी गुजिया, झार के लड्डू, गुलरिया (हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों वाले), साथ ही अन्य हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पाद। अतिथियों ने इनका स्वाद चखा और महिलाओं के प्रयासों की जमकर तारीफ की।
ये मेला मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (MPSRLM) और जिला पंचायत मुरैना के तहत चल रहा है। रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा।
- रिपोर्ट – जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार





