दैनिक जिला नजर संवाददाता
जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से आवागमन, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर, बीडीओ ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
फतेहाबाद/आगरा। विकासखंड फतेहाबाद के कई गांवों में जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) फतेहाबाद अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपकर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि तिवाह के हिरनपुरा, ठीकुरा, बहेड़ी, ककरीली, नगला मुक्ता, बॉस बले, सलेमपुर मुड़िया, पूठपुरा और नया पुरा खंडेर समेत कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश का पानी रास्तों और आबादी के आसपास जमा होने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ से प्रभावित गांवों का निरीक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। बीडीओ ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह, तहसील अध्यक्ष बीरी सिंह, रिंकू सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















