दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद में शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय की टॉप फाइव मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक पैगोरिया और प्रबंधक सीए रजत पैगोरिया ने मेधावियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रबंधक रजत पैगोरिया ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं से भी आगामी बोर्ड परीक्षा में मेरिट में स्थान प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने का आह्वान किया। अध्यक्ष अशोक पैगोरिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बेहतर परिणाम के लिए बधाई दी।
इंटरमीडिएट विद्यालय मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ध्रुव श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने रणनीति बनाकर लक्ष्य के अनुसार नियमित अध्ययन किया। वहीं हाईस्कूल मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दीपेश ने सफलता का श्रेय मेहनत और निरंतर पढ़ाई को दिया।
प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार सिंह ने कहा कि सफलता परिवार और शिक्षकों के सहयोग के साथ कठिन परिश्रम का परिणाम है। विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर मेहनत करनी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिल्पी सिंह ने किया। डॉ. संजय कुमार ने सत्र 2025-26 की विद्यालय गतिविधियों पर तैयार पीपीटी प्रस्तुत की। समारोह में शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।





















