दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से फिरोजाबाद सीमा से सटे फतेहाबाद-ईंधौन मार्ग पर कंकरीली बहेड़ी के पास भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर कई फीट पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। इस मार्ग से यमुना नदी पर बने ईंधौन पुल के रास्ते बड़ी संख्या में लोग फिरोजाबाद की ओर आते-जाते हैं।
ऐसे में जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से कई बाइक और छोटे वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कंकरीली बहेड़ी के पास बारिश के दिनों में हर वर्ष जलभराव की समस्या होती है। पानी भरने से राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल पानी की निकासी कराने के साथ जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।





















