दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बे के ओम साई हॉस्पिटल में शुक्रवार को उपचार के दौरान सात वर्षीय मधू की मौत हो गई। बच्ची को कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था। जांच में उसका हीमोग्लोबिन और प्लेटलेट्स कम पाए गए थे। चिकित्सकों की सलाह पर उसे ब्लड चढ़ाया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार बच्ची को दो छोटे पाउच ब्लड चढ़ाए गए। इसके बाद उसे तेज बुखार आने लगा और हालत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में बच्ची ने दम तोड़ दिया। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद शव को अपने साथ ले गए। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





















