🔹लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ वायुसेना का मालवाहक विमान, आग लगने से दो हिस्सों में बंटा; जांच शुरू
असम(एजेंसी)। असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का AN-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान रनवे के निकट क्रैश होते ही आग की लपटों में घिर गया और दो हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना में 5 वायुसैनिकों के शहीद होने की खबर है, जबकि राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
भारतीय वायुसेना के अनुसार विमान एयरफोर्स स्टेशन परिसर के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के तुरंत बाद फायर टेंडर और बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दुर्घटना के बाद एयरबेस पर वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। वायुसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं का बारीकी से आकलन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि AN-32 भारतीय वायुसेना का प्रमुख परिवहन विमान है, जो ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों और अत्यधिक तापमान वाली परिस्थितियों में भी सफलतापूर्वक संचालन करने में सक्षम माना जाता है। पिछले चार दशकों से यह विमान सैनिकों, सैन्य उपकरणों और राहत सामग्री के परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।






















