दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 में तहसील फतेहाबाद की प्रतिभाशाली छात्रा विंदेश निषाद ने जिला आगरा में टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विंदेश की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रा ने कठिन मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर न केवल अपने परिवार बल्कि तहसील फतेहाबाद का नाम भी गौरवान्वित किया है।
विंदेश निषाद की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया और बधाइयों का तांता लग गया। जिला टॉपर बनने पर छात्रा का विभिन्न स्थानों पर सम्मान किया गया।
इसी क्रम में फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान ने छात्रा को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विंदेश निषाद की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर छात्र युवा नेता एवं दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े अजीत वर्मा ने भी छात्रा को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। विंदेश निषाद ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की तथा छात्रा और उसके परिवार को शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि विंदेश आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी।





















