दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: कस्बा के रतन देवी कान्वेंट स्कूल और उषा देवी कान्वेंट स्कूल पर सोमवार को भारत सरकार के ’10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रीमती रतन देवी कान्वेंट स्कूल प्रधानाचार्य निशा गोलस और उषा देवी कान्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्य मेधा गुप्ता द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता की
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी की ओर से बीके रंजना बहन, बीके काजल बहन और बीके फतेहसिंह भाई ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।इसके बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हाथ उठाकर नशे से दूर रहने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने स्वयं नशामुक्त रहने के साथ ही परिवार और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्या निशा गोलस ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन ‘नशामुक्त भारत-स्वस्थ भारत’ के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान अवकेश गोलस सचिन गुप्ता विद्यालय के अध्यापक और स्टाफ के लोग मौजूद थे





















