दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के बढ़ते खतरे को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों के उपचार के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है। वार्ड में मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए एयर कंडीशनर (एसी) लगाया गया है, जिससे प्रभावित मरीजों को आरामदायक वातावरण में उपचार मिल सके।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि विशेष वार्ड में आठ बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ओआरएस घोल, जरूरी दवाइयों और अन्य चिकित्सीय संसाधनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है, ताकि हीट स्ट्रोक के मरीजों को तुरंत उपचार दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
डॉ. चौहान ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। हल्के व ढीले कपड़े पहनें। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी होना, अत्यधिक कमजोरी महसूस होना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर उपचार कराएं।























