जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। नगर निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए डेयरी संचालकों पर सख्ती शुरू कर दी है। नगरायुक्त आईएएस प्रेम प्रकाश ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि गोबर एवं अन्य गंदगी को नालों-नालियों में बहाने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ प्रतिदिन जुर्माना लगाया जाएगा तथा आवश्यक होने पर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी द्वारा शहर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कई डेयरी संचालकों को गंदगी नालियों में बहाते हुए पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
नगरायुक्त ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान” के तहत शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने डेयरी संचालकों से अपील की कि वे गोबर व अपशिष्ट का उचित निस्तारण करें और नगर निगम के नियमों का पालन करें।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।























