दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। क्षेत्र के गांव चुरियारी की एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने घर में घुसकर उसके और उसकी पुत्री के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 29 जुलाई 2026 को वह अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान सात लोग उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि वह जान बचाकर घर के अंदर चली गई, लेकिन आरोपी घर में घुस आए और उसकी पुत्री के साथ भी मारपीट की। तहरीर में यह भी कहा गया है कि घटना में महिला के कान में चोट आई तथा आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















