बाउंड्री निर्माण और कोर्ट के फैसले तक अस्थायी तार फेंसिंग की मांग
• जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार खान
मुरैना/मप्र । शहर के कब्रिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मुरैना के जिला अध्यक्ष परवेश खान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कब्रिस्तान की सुरक्षा, पवित्रता एवं धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए स्थायी बाउंड्री निर्माण कराने तथा न्यायालय के निर्णय तक अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष परवेश खान ने बताया कि कब्रिस्तान की मौजूदा स्थिति को देखकर वे चिंतित हैं। कब्रिस्तान में लगातार पशुओं के प्रवेश से कब्रों को नुकसान पहुंच रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि जब तक न्यायालय का निर्णय नहीं आ जाता, तब तक अस्थायी रूप से तार फेंसिंग अथवा अस्थायी बाउंड्री बनाकर पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि कब्रिस्तान की चारदीवारी (बाउंड्री) नहीं होने के कारण गाय, बैल, कुत्ते एवं अन्य पशु आसानी से परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे कई कब्रों को नुकसान पहुंचता है, जिससे न केवल कब्रिस्तान की गरिमा प्रभावित होती है, बल्कि मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष परवेश खान ने कहा कि कब्रिस्तान धार्मिक आस्था का केंद्र है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि कब्रिस्तान की स्थायी बाउंड्री का निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कब्रिस्तान की बाउंड्री का मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में जब तक न्यायालय का अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक प्रशासन अस्थायी रूप से तार फेंसिंग, अस्थायी बाउंड्री अथवा अन्य उपयुक्त सुरक्षा व्यवस्था कराए, ताकि पशुओं का प्रवेश पूरी तरह रोका जा सके और कब्रों को नुकसान से बचाया जा सके।
समाज के लोगों ने कहा कि यदि कोई पशु कब्रिस्तान के भीतर प्रवेश कर जाता है और उसके साथ किसी प्रकार की दुर्घटना हो जाती है, तो यह भी एक गंभीर विषय होगा। इसलिए प्रशासन सुरक्षा और मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था करे, जिससे एक ओर कब्रिस्तान की पवित्रता बनी रहे और दूसरी ओर किसी भी पशु को किसी प्रकार की हानि या परेशानी न हो।
मुस्लिम समाज ने जिला कलेक्टर से मांग की कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय के निर्णय तक अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था तत्काल लागू कराई जाए तथा निर्णय आने के बाद स्थायी बाउंड्री निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मुरैना के जिला अध्यक्ष परवेश खान, ईदगाह कब्रिस्तान के अध्यक्ष रिंकू उर्फ इफ्तखार खान सहित मुस्लिम समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





















