दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को फतेहाबाद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सीएचसी फतेहाबाद के चिकित्सक डा महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में कुल 100 छात्राएं पंजीकृत थीं, जिनमें से 96 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 6 छात्राओं में आंखों की कमजोरी पाई गई। वहीं 1 छात्रा का पूर्व में मोतियाबिंद का ऑपरेशन हो चुका है। इसके अतिरिक्त कुछ छात्राओं में अन्य सामान्य बीमारियों के लक्षण भी मिले।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने सभी छात्राओं का परीक्षण करने के बाद मौके पर ही दवाइयों का वितरण किया। साथ ही बच्चों को व्यक्तिगत साफ-सफाई, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ. पवन कुमार, डॉ. महेंद्र यादव, डॉ. राखी शर्मा और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने छात्राओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निदान कर आवश्यक परामर्श भी दिया।
विद्यालय प्रशासन ने टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि समय-समय पर इस तरह के शिविर छात्राओं के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे।





















