जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में गुरुवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इगलास क्षेत्र समेत कई कस्बों और ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
आंधी के दौरान कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं तेज हवाओं के चलते बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
इगलास कस्बा और आसपास के गांवों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाजारों में अचानक सन्नाटा छा गया और लोग अपनी दुकानों व घरों की ओर भागते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकान, टिनशेड और छप्पर को भी नुकसान पहुंचा है।
आंधी-तूफान से किसानों की खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों में चिंता का माहौल है।
प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है और नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। आंधी-तूफान के दौरान इगलास क्षेत्र में गिरे पेड़ और बाधित हुआ यातायात।























