कांवड़ियों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती और शिविरों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
अलीगढ़। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ नीरज जादौन ने अतरौली बॉर्डर क्षेत्र का भ्रमण कर कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। पुलिस की मुस्तैदी और बेहतर समन्वय के साथ कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।





















