ऑपरेशन स्माइल’ के तहत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महिला को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
गौंडा। जनपद अलीगढ़ में गुमशुदा बच्चों एवं महिला-पुरुषों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत थाना गौंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 40 वर्षीय गुमशुदा महिला को चंद घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त की रात करीब 8 बजे एक व्यक्ति ने थाना गौंडा पहुंचकर सूचना दी कि उसकी करीब 40 वर्षीय पुत्री, जो मानसिक रूप से कमजोर है, बिना बताए अपनी ससुराल ग्राम उदयगढ़, थाना खैर से निकलकर ग्राम मांती की बसई स्थित अपने घर के लिए आ रही थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची।सूचना मिलते ही थाना गौंडा पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कस्बा गौंडा एवं आसपास के मोहल्लों और बाजारों में महिला का फोटो दिखाकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस के त्वरित प्रयासों के चलते महिला को डांटौली चौराहा के पास से चंद घंटों में सकुशल बरामद कर लिया गया।इसके बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से चिंता में डूबे परिजनों ने महिला को सकुशल पाकर अलीगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की।बरामदगी करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष मोनू कुमार आर्य, उपनिरीक्षक अभिनव तोमर, कांस्टेबल राजदीप तथा महिला कांस्टेबल सीमा सागर शामिल रहे।





















