हाथरस । डीवीवीएनएल द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आज 27 मई को उपखंड इगलास कार्यालय पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
उपखंड अधिकारी द्वारा स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही समाधान कराया जा रहा है। मीटर रीडिंग, अधिक बिल, तकनीकी खराबी और अन्य समस्याओं को लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि कैंप का उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कैंप में विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है। इस पहल से उपभोक्ताओं को राहत मिलने और समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।





















