दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पक्कापुरा में दूध पीते समय युवक के मुंह में छिपकली फंस जाने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
गांव पक्कापुरा निवासी देवेंद्र पुत्र नवाब सिंह शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर पर दूध पी रहे थे। परिजनों ने बताया कि उनकी मां चरन देवी ने उनके लिए दूध रखा था। देवेंद्र जैसे ही दूध पीने लगे, तभी अचानक दूध के साथ छिपकली उनके मुंह में पहुंच गई। छिपकली मुंह में फंसने से वह घबरा गए और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। युवक को उल्टी और घबराहट की शिकायत होने पर परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया और उसकी निगरानी की।
चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से युवक की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। घटना के बाद परिवार के लोग भी राहत महसूस कर रहे हैं।





















