मथुरा जनपद के थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सुरीर कलां निवासी त्रिपुरा स्टेट राइफल में तैनात जवान इंदल सिंह बघेल पुत्र स्व. भूदेव सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदल सिंह 6 अप्रैल 2026 को एक माह की छुट्टी बिताने के बाद पुनः अपनी ड्यूटी पर त्रिपुरा लौटे थे। 11 अप्रैल को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। देर रात उनका पार्थिव शरीर विभागीय अधिकारियों के साथ उनके पैतृक गांव लाया गया। सुबह पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में तहसीलदार बृजेश कुमार, पूर्व शिक्षा मंत्री सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।वही बसपा मथुरा यूनिट की ओर से बहुजन समाज पार्टी के जिला संयोजक ओमप्रकाश बघेल ने भी उन्हें पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इंदल सिंह बघेल अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका था। जवान के असामयिक निधन से गांव में शोकाकुल वातावरण है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।



























