बेंगलुरु (एजेंसी)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) वर्ष 2027 में G20 देशों के लिए एक विशेष सैटेलाइट लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। ISRO चेयरमैन वी. नारायणन ने शनिवार को हैदराबाद में यह घोषणा की।
यह सैटेलाइट मुख्य रूप से जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण और मौसम पैटर्न की निगरानी करेगा। इसमें वायुमंडलीय संरचना, ग्रीनहाउस गैसों (CO₂, CH₄), एरोसोल, तापमान, आर्द्रता और वनाग्नि जैसी घटनाओं का अध्ययन शामिल होगा।
भारत इस महत्वाकांक्षी परियोजना में G20 देशों के बीच नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। ISRO चेयरमैन ने कहा, “हम G20 देशों के लिए एक सैटेलाइट पर काम कर रहे हैं। भारत लीड रोल में है और 2027 तक लॉन्च का लक्ष्य है।”
यह सैटेलाइट G20 सदस्य देशों को पर्यावरणीय बदलाव, प्रदूषण नियंत्रण और बेहतर मौसम पूर्वानुमान के लिए सटीक डेटा उपलब्ध कराएगा। भारत ने अन्य G20 देशों को पेलोड और उपकरणों के माध्यम से इस मिशन में योगदान देने के लिए आमंत्रित भी किया है।
यह परियोजना जलवायु संकट से निपटने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भारत की एक बड़ी पहल मानी जा रही है।























