अलीगढ़l केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 5 से 21 जून तक समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मा0 जनपद प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को सर्किट हाउस सभागार में अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी विकास खंडों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस पर ’’एक पेड़-मां के नाम’’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण से हो चुकी है। मा0 मंत्री जी द्वारा मुकुंदपुर वन चेतना केंद्र में पीपल का पौधा रोपित कर शुभारंभ किया गया है।मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि 8 से 14 जून तक जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता और प्रबुद्धजनों से संवाद कार्यक्रम, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद, 14 से 16 जून तक जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी और 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यशालाओं में प्राकृतिक खेती, जैविक खाद एवं जल संरक्षण पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन के साथ होगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन कर जनसमस्याओं का निस्तारण एवं सरकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।मा0 मंत्री जी ने कहा कि अभियान का लाभ को सभी पात्र एवं जरूरतमंदों तक पहुॅचाने के लिए आवश्यक है कि सभी विभागीय अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें और अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से उनको दें। उन्होंने अभियान के दौरान लगने वाले शिविरों के लिए सभी अधिकारियों को पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए ताकि अधिकाधिक पात्रों को सुगमता से केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। बैठक में मा0 बेसिक शिक्षा मंत्री श्री संदीप सिंह, मा0 राजस्व राज्यमंत्री श्री सुरेन्द्र दिलेर, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, चौ0 ऋषिपाल सिंह, प्रो0 तारिक मंसूर, मा0 विधायकगण श्री अनिल पाराशर, ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह, श्री राजकुमार सहयोगी, जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण पाल सिंह, महानगर अध्यक्ष ई. राजीव शर्मा, जिला महामंत्री श्री शिव नारायण शर्मा, निखिल माहेश्वरी, चौ0 प्रदीप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक भालचंद्र त्रिपाठी, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल, डीडीओ आलोक आर्य समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।





















