दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। क्षेत्र के ईधौन गांव के पास मूंज के जंगल में गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। बताया गया कि पहली दमकल गाड़ी रास्ते में ही खराब हो गई, जिसके बाद आगरा से दूसरी दमकल गाड़ी को बुलाया गया। इस दौरान वन विभाग की टीम स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने में जुटी रही।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आकर लगभग दस बीघा से अधिक क्षेत्र में फैली मूंज की फसल जलकर राख हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वन विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।





















