दैनिक जिला नजर संवाददाताफतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। किमी 21 स्थित टोल प्लाजा पर इस वर्ष पहली बार पेयजल के मटकों की व्यवस्था कराई गई है, जिससे राहगीरों को तपती गर्मी में ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो रहा है।
टोल प्लाजा के मैनेजर पियूष शर्मा के निर्देशन में यह पहल की गई है। पहले यहां यात्रियों के लिए पेयजल की कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
अब टोल पर रुकने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को मटकों के माध्यम से पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि टोल प्लाजा के 11 बूथों पर गर्मी से राहत देने के लिए पंखे भी लगवाए गए हैं। इससे वहां तैनात कर्मचारियों के साथ-साथ रुकने वाले यात्रियों को भी काफी राहत मिल रही है।गौरतलब है कि एक्सप्रेसवे पर किमी 101 और 104 पर
यूपीडा की ओर से जलपान गृह और रेस्ट एरिया की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन किमी 21 टोल प्लाजा पर इस तरह की व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में यहां शुरू की गई पेयजल सुविधा यात्रियों के लिए अतिरिक्त सहूलियत साबित हो रही है।
बताते चलें कि एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में करीब 100 किलोमीटर तक नियमित पेयजल की व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों को लंबे सफर में परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में टोल प्लाजा पर शुरू की गई यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है। भीषण गर्मी के इस दौर में इस तरह की व्यवस्थाएं सफर को और अधिक सहज औरआरामदायक बना रही हैं।























