दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद तहसील मुख्यालय पर जनगणना ड्यूटी कटवाने पहुंची एक महिला प्रगणक द्वारा हंगामा करने और अधिकारियों पर आरोप लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तहसीलदार ने इन आरोपों को निराधार बताया है। बताया जा रहा है कि वीडियो चार दिन पुराना है।
जानिए क्या है मामला?…..
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दिनों जनगणना का कार्य चल रहा है, जिसके लिए बड़ी संख्या में प्रगणकों की ड्यूटी लगाई गई है। कुछ प्रगणक निजी समस्याओं का हवाला देकर ड्यूटी कटवाने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी क्रम में चार दिन पहले एक महिला प्रगणक एसडीएम फतेहाबाद के कार्यालय पहुंचीं और अपनी मां की बीमारी का हवाला देते हुए ड्यूटी कटवाने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। इसके बाद महिला प्रगणक ने तहसील मुख्यालय पर हंगामा कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
तहसीलदार का बयान
इस मामले में तहसीलदार फतेहाबाद बब्लेश कुमार का कहना है कि कोई भी अधिकारी किसी भी कर्मचारी से गलत तरीके से व्यवहार नहीं करता। राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोप निराधार हैं।





















