दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। क्षेत्र के गांव बादशाह की मढ़ैया स्थित जूनियर हाईस्कूल की जर्जर इमारत शनिवार को करीब 11:30 बजे अचानक भरभराकर गिर गई। भवन की हालत पहले से ही जर्जर होने के कारण विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को प्राथमिक विद्यालय वेदपुरा में शिफ्ट कर दिया गया था। इससे हादसे के समय भवन में कोई बच्चा मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया है कि जूनियर हाईस्कूल बादशाह की मढ़ैया का भवन काफी समय से जर्जर हालत में था। दीवारों और छत में दरारें आने के कारण विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें प्राथमिक विद्यालय वेदपुरा में पढ़ाया जा रहा था। शनिवार को अचानक जर्जर भवन का हिस्सा भरभराकर गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि बच्चे जर्जर भवन में पढ़ रहे होते तो बड़ी घटना हो सकती थी। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से विद्यालय के लिए सुरक्षित भवन की व्यवस्था कराने की मांग कीa है।





















