अलीगढ़। तहसील इगलास में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी परितोष मिश्रा एवं तहसीलदार सतीश कुमार बघेल की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 15 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा विद्युत विभाग की दो, पुलिस विभाग की चार, विकास खंड गोंडा की दो, विकास खंड इगलास की दो तथा नगर पंचायत इगलास की एक शिकायत दर्ज की गई।
उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवादों के मामलों में आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार सतीश कुमार बघेल, नायब तहसीलदार तान्या शर्मा, खंड विकास अधिकारी इगलास चेतन्य पाठक, वन क्षेत्राधिकारी सर्ववीर भारती, बाल विकास परियोजना अधिकारी राहुल वर्मा, लेखपाल मकरध्वज, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, उपनिरीक्षक लाल सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, नगर पंचायत इगलास के सुनील कुमार तथा आपूर्ति विभाग के मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





















