मथुरा। डैंपियर नगर क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, दीनदयाल नगर, मथुरा में शिशु वाटिका के वार्षिकोत्सव “अरुणोदय-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश सिकरवार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया, जबकि विद्यालय के व्यवस्थापक सुनील अग्रवाल ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ‘जय जवान-जय किसान’, रानी लक्ष्मीबाई, पर्यावरण बचाओ, कुटुंब प्रबोधन, शारीरिक एवं योग जैसे विषयों पर प्रस्तुत कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।मुख्य अतिथि डॉ. चिरदीप अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और प्रतिभा की भावना की प्रशंसा की।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिवकुमार शर्मा,क्षेत्रीय शिशु वाटिका प्रभारी ने कहा कि शिशु वाटिका का उद्देश्य केवल बच्चों को पुस्तक आधारित ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को सुनिश्चित करना है।विद्यालय के व्यवस्थापक सुनील अग्रवाल ने शिशु वाटिका व्यवस्था की भूमिका एवं विद्यालय के आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला।विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक अग्रवाल ने भी सभी प्रस्तुतियों की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की आचार्या मीनाक्षी नागर ने किया।पूरे आयोजन में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया।


























