आगरा। रुनकता स्थित सूरदास दृष्टि बाधित विद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थान, सूर कुटी गऊ घाट में महाकवि सूरदास की 548वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई।
इस अवसर पर भावांजलि अर्पित करते हुए अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
दृष्टिबाधित श्रोताओं ने कवियों के काव्यपाठ पर जोरदार तालियों से उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रीय गीतकार डॉ. राजकुमार रंजन ने सूरदास को समर्पित पद और अपना चर्चित गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। धौलपुर की कवयित्री रजिया बेगम “जिया” के श्रृंगार रस से भरे सवैये ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. ब्रज बिहारी विरजू, आचार्य निर्मल, उमाशंकर पाराशर, रामेन्द्र शर्मा, हीरेन्द्र शर्मा, दीपक दिव्यांशु और रामखिलाड़ी स्वदेशी ने भी काव्यपाठ किया।
अंत में प्राचार्य महेन्द्र चन्द्र शर्मा ने सभी कवियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में एसडीएम किरावली, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























