अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्वेताभ पाण्डेय एवं एडीएम प्रशासन श्री संगमलाल ने यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
एटा। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्वेताभ पाण्डेय एवं एडीएम प्रशासन श्री संगमलाल ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत माया पैलेस चौराहे पर कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए की गई यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा यात्रा मार्ग पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।





















