प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों व प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण, संदिग्धों की चेकिंग
इगलास। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए थाना इगलास प्रभारी निरीक्षक ईश्वर प्रसाद तोमर ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में व्यापक पैदल एवं रात्रि गश्त की।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने तोछगढ़ के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की। वहीं गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उनकी सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को लेकर आवश्यक सतर्कता बरती गई।
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के बाजारों, प्रतिष्ठानों एवं धार्मिक स्थलों का भी निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस की सक्रियता और लगातार रात्रि गश्त से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहा। थाना प्रभारी ने आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।





















