दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बाजिदपुर गांव के समीप बने अंडरपास के पास सर्विस रोड का एक हिस्सा धंस जाने से राहगीरों की चिंता बढ़ गई है। सड़क धंसने से गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के बाद सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से यह स्थिति बनी है। अंडरपास के आसपास से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान सर्विस रोड का उपयोग करते हैं। सड़क धंसने के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ निकलना पड़ रहा है। रात के समय यह स्थान और अधिक खतरनाक हो जाता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कराकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने धंसे हुए हिस्से पर चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग लगाने की भी मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।





















